भाजपा नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने शनिवार को जम्मू (Jammu) में एक रैली को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को आड़े हाथ लिया। अमित शाह ने कहा कि जब तक कश्मीर घाटी में शांति स्थापित नहीं होती, तब तक पाकिस्तान से कोई बातचीत नहीं होगी।
अमित शाह (Amit Shah) इस वक़्त जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। शुक्रवार को जम्मू में उन्होंने जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) में होने वाले विधानसभा चुनाव (Jammu Kashmir Assembly Election 2024) के लिए पार्टी का घोषणापत्र (संकल्प पत्र) जारी किया। अमित शाह ने आज यानी शनिवार को जम्मू के पलौरा में अपनी पहली चुनावी रैली (विजय संकल्प बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन) की।
अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि ये चुनाव ऐतिहासिक है। पहली बार एक तिरंगे के नीचे मतदान होने वाला है। उन्होंने कहा- “आजादी के बाद यह जम्मू-कश्मीर का पहला विधानसभा चुनाव है , जिसमें यहाँ की जनता दो झंडे नहीं, एक तिरंगे के नीचे खड़े होकर मतदान करेगी।”
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) में आतंकवाद और भ्रष्टाचार की समाप्ति हो रही है और निरंतर विकास के कार्य हो रहे हैं।
उन्होंने कहा, “चाहे वंचितों को आरक्षण हो, महिलाओं को अधिकार हो या युवाओं के लिए अवसरों की उपलब्धता हो, मोदी सरकार के कार्यों से जनता का विश्वास भाजपा के प्रति और बढ़ता जा रहा है।”
अमित शाह (Amit Shah) ने अपने भाषण में सियासी विरोधियों – कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC) और पीडीपी को भी निशाने पर लिया।
उन्होंने कहा- “कांग्रेस, JKNC व पीडीपी ने इतना भ्रष्टाचार किया है कि एक ओर पूरे देश में भ्रष्टाचार और दूसरी ओर इन परिवारों का भ्रष्टाचार, एक बराबर है। अगर जम्मू-कश्मीर में JKNC व कांग्रेस की सरकार आई, तो आतंकवाद साथ आएगा। मगर भाजपा आई, तो किसी की हिम्मत नहीं कि आतंक फैलाए।”
अमित शाह ने आगे कहा- “JKNC और कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में फिर से 2 झंडे, धारा 370 लाना और गुर्जर, पहाड़ी, बकरवाल व महिलाओं को मिले अधिकारों को छीनना चाहती है। गुर्जर, पहाड़ी, बकरवाल, ओबीसी व दलितों को मिले आरक्षण को JKNC व कांग्रेस छीनना चाहती है, केवल भाजपा ही इसे बचा सकती है। यह संदेश सभी कार्यकर्ताओं को घर-घर तक पहुँचाना है।”
शाह ने कहा, ‘यहां अफवाह है कि नेशनल कांफ्रेंस सरकार बनाने जा रही है। मैं बहुत छोटी उम्र से ही चुनावी आंकड़ों का छात्र रहा हूं और मैं आपको यह बता रहा हूं कि जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और फारूक अब्दुल्ला की सरकार कभी नहीं बन सकती।’
अमित शाह (Amit Shah) ने कहा, ‘नेशनल कांफ्रेंस, कांग्रेस व पीडीपी वाले कहते हैं, हम पहले जैसी व्यवस्था लाएंगे। क्या आप इससे सहमत हो? जिस ऑटोनॉमी की बात ने जम्मू कश्मीर को आग में झुलसाया, घाटी में 40 हजार लोग मारे गए। ये कहते हैं, हम जम्मू कश्मीर को ऑटोनॉमी देंगे। मैं आज कह कर जाता हूं, कोई भी ताकत ऑटोनॉमी की बात नहीं कर सकती।’
अमित शाह (Amit Shah) ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा- “भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके बूथ के कार्यकर्ता होते हैं। भाजपा के कार्यकर्ता हमारी सरकार की उपलब्धियाँ और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी लेकर घर-घर जाएँ और जम्मू-कश्मीर में भाजपा की मजबूत सरकार बनाएँ। अब जम्मू-कश्मीर वासियों को न माँगने की जरूरत है, न आंदोलन करने की जरूरत है। मोदी जी यहाँ की हर जरूरत पूरी कर रहे हैं।”
अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि पहली बार भारत के संविधान तले यहां चुनाव हो रहा है। कोई भी ताकत जम्मू कश्मीर में स्वायत्तता की बात नहीं कर सकती है। पहली बार जम्मू कश्मीर में बगैर किसी रोकटोक के चुनाव हो रहा है। इससे पहले लोकसभा चुनाव में 58 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया था। गृह मंत्री ने कहा, “बूथ हमारी सबसे बड़ी ताकत है और जब ये पूरी जोर से उतरते हैं तो अच्छे-अच्छे लोगों के पसीने छूट जाते हैं।”


