दिल्ली से सटे नोएडा में एयर इंडिया (Air India) के एक क्रू मेंबर की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड की साजिश रचने वाली ‘लेडी डॉन’ काजल खत्री (Kajal Khatri) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की क्राइम ब्रांच ने की है।
नोएडा पुलिस ने काजल खत्री को 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। काजल खत्री पर नोएडा के रहने वाले सूरज मान (Suraj Mann) की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। इस केस में दो शूटर समेत पांच आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
इस साल 19 जनवरी को बाइक सवार बदमाशों ने करीब से गोली मारकर एक शख्स को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामले की तफतीश शुरू की, तो पता चला कि मृतक का नाम सूरज मान है। सूरज मान (Suraj Mann) नोएडा के सेक्टर 104 में रहता था और एयर इंडिया में क्रू मेंबर के तौर पर नौकरी करता था। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि ये हत्या जेल में बंद गैंगस्टर कपिल मान के इशारे पर की गई थी।
सूरज मान (Suraj Mann) दिल्ली के गैंगस्टर प्रवेश मान का भाई था। सूरज की हत्या कैसे, कब और कहां की जाए ये सारी प्लानिंग गैंगस्टर कपिल मान की प्रेमिका काजल खत्री (Kajal Khatri) रची थी। सूरज मान पर गोली चलाने वाले शूटरों को काजल खत्री (Kajal Khatri) ने ही पैसे दिए थे।
काजल खत्री (Kajal Khatri) की गिरफ्तारी के बाद ये खुलासा हुआ है कि कपिल मान के जेल में रहने के दौरान उसके गैंग की कमान काजल खत्री के हाथ में थी। इसी वजह से जुर्म की दुनिया में काजल खत्री को ‘लेडी डॉन’ भी कहा जाता है।
नोएडा पुलिस ने उन सवालों की लिस्ट बना ली है जिन्हें वो काजली खत्री से पूछने वाली है। इस हत्याकांड में शामिल तीसरा शूटर पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है। ऐसे में नोएडा पुलिस काजल खत्री (Kajal Khatri) से तीसरे शूटर के बारे में पूछताछ करेगी। नोएडा पुलिस मर्डर के सीन को रीक्रिएट कर सकती है।
इस हत्याकांड के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी जुड़ सकते हैं। इस बात की आशंका है कि हत्याकांड में शामिल तीसरा शूटर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) गैंग का शूटर हो सकता है।
पुलिस की पूछताछ में ये बात सामने आई है कि जमीन के एक प्लॉट को लेकर गैंगस्टर कपिल मान और प्रवेश मान के बीच गैंगवार छिड़ी हुई है। अब तक दोनों गैंग के 5 लोगों की हत्या हो चुकी है। सूरज मान की हत्या भी इसी गैंगवार का नतीजा थी।


