भजन सिंगर कन्हैया मित्तल (Kanhaiya Mittal) के बारे में खबर आ रही है कि उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का मन बना लिया है। वह पंचकूला सीट से बीजेपी के टिकट पर हरियाणा का विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन टिकट नहीं मिला।
साल 2021 के आखिर में एक गाना रिलीज हुआ था- “जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे दुनिया में फिर से हम भगवा लहराएंगे”। यह गाना देखते ही देखते लोगों की जुबान पर चढ़ गया। 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी के कार्यक्रमों में यह गाना खूब बजा। इस गाने के सिंगर हैं कन्हैया मित्तल (Kanhaiya Mittal)।
कन्हैया मित्तल कभी यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो कभी हरियाणा के सीएम नायाब सिंह सैनी के साथ दिखे। एक बार कन्हैया मित्तल के एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की एक महिला पार्षद ने मंच से ऐलान कर दिया था कि वो अब कांग्रेस छोड़ रही हैं।
अब कहा जा रहा है कि कन्हैया कांग्रेस जॉइन करने वाले हैं। कांग्रेस उन्हें हरियाणा चुनाव के लिए टिकट भी दे सकती है और पार्टी के स्टार प्रचारकों में भी शामिल कर सकती है।
कन्हैया मित्तल (Kanhaiya Mittal) ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा- ‘मैं हरियाणा में सेवा करना चाहता था। यह संदेश मैंने भाजपा तक पहुंचाया, लेकिन उनका कोई जवाब नहीं आया। मेरी हरियाणा में काम करने की इच्छा है। अगर बात बनती है तो मैं कांग्रेस के साथ जुड़कर काम करना चाहूंगा।’
उन्होंने कहा- “एक दल को सनातन का प्रतीक न समझें, सनातन हर जगह है और राम एक पार्टी के नहीं हैं।”
चंडीगढ़ के रहने वाले हैं कन्हैया मित्तल
कन्हैया मित्तल चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। उनके पिता साइकिल पर पंचकूला और आसपास के क्षेत्र में नमकीन बेचा करते थे। कन्हैया ने भी फड़ी लगाकर सामान बेचा है। 7 साल की उम्र में मित्तल ने भजन गाने शुरू कर दिए थे। वह अपने घर के पास बने मंदिर में कीर्तन और जागरण में जाते थे। 15 साल तक उन्होंने फ्री में भजन गाए।
10वीं क्लास में जब वह अच्छे नंबर से पास हुए तो उन्होंने IPS अफसर बनने का सपना देखा। इसके बाद जब उनके भजनों को लोग पसंद करने लगे तो इसे अपना प्रोफेशन बना लिया। 2015 के बाद उन्होंने भजन के लिए पैसे लेना शुरू किए।


