आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा है कि वो जल्द ही मुख्यमंत्री आवास छोड़ देंगे।
अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने 17 सितंबर को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, इसके बाद उन्होंने रविवार यानी (22 सितंबर) को कहा कि वह नवरात्रि के आरंभ में, यानी अक्टूबर के पहले सप्ताह में, सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास को छोड़ देंगे।
केजरीवाल 2015 से इस आवास में रह रहे हैं, जब उनकी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा में पूर्ण बहुमत प्राप्त किया था और वह दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे।
जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि एक दशक से अधिक समय तक दिल्ली का मुख्यमंत्री रहने के बावजूद उन्होंने अपने लिए कोई घर नहीं खरीदा है।
उन्होंने कहा, “कुछ दिनों में मैं सीएम का बंगला छोड़ दूंगा। सीएम बने 10 साल होने के बाद, मेरे पास दिल्ली में एक घर भी नहीं है। कई लोग मुझसे कहते हैं कि आप किस तरह के आदमी हैं, आप 10 साल में 10 बंगले बना सकते थे।”

केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने आगे कहा कि उन्होंने दिल्ली का मुख्यमंत्री रहने के दौरान कोई संपत्ति नहीं बनाई, बल्कि केवल जनता का प्यार और आशीर्वाद कमाया है।
उन्होंने कहा, “आज जब मैं सरकारी आवास छोड़ रहा हूं, तो दिल्ली के कई लोग मुझे बिना किराए के अपना घर देने के लिए तैयार हैं। पितृ पक्ष खत्म होने के बाद और नवरात्रि शुरू होते ही, मैं किसी भी घर में आ जाऊंगा और आपके साथ रहना शुरू कर दूंगा।”
केजरीवाल ने आगे कहा कि फ़रवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव मेरे लिए एक अग्नि परीक्षा के समान है. अगर आप लोगों को लगता है कि मैं बेईमान हूं तो मुझे वोट मत देना।
AAP के नेताओं ने भी मांग की है कि केजरीवाल को मध्य दिल्ली में आवास मुहैया कराया जाए। पार्टी नेताओं का कहना है कि केजरीवाल एक राष्ट्रीय पार्टी के संयोजक हैं और वह इस सेवा के हकदार हैं।


