दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी (Atishi) ने आज अपना पदभार संभाल लिया। उनके पदभार संभालने के साथ ही सीएम ऑफिस में एक अलग नजारा देखने को मिला।
आतिशी (Atishi) ने जब सीएम की कमान संभाली तब वहाँ पर सीएम की कुर्सी के साथ एक और कुर्सी रखी थी।
आतिशी ने कहा कि केजरीवाल के वापस आने तक ये कुर्सी खाली रहेगी और इसी ऑफिस में रहेगी।
आतिशी (Atishi) ने आगे कहा कि, “मैंने दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर कार्यभार संभाल लिया है। आज मेरी पीड़ा वैसी ही है जैसी भरत की थी जब भगवान राम 14 साल के लिए वनवास गए थे और भरत को कार्यभार संभालना पड़ा था।”
उन्होंने कहा- “जैसे भरत ने 14 साल तक भगवान राम की पादुकाएं संभाली और कार्यभार संभाला, वैसे ही अगले चार महीने मैं भी उसी तरह दिल्ली सरकार चलाऊंगी।”
आतिशी के कहा- “अरविंद केजरीवाल ने मर्यादा और नैतिकता की मिसाल कायम की है। भाजपा ने अरविंद केजरीवाल की छवि खराब करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।”
सीएम ने कहा- “अरविंद केजरीवाल ने जेल से निकलने के बाद कहा जबतक दिल्ली वाले उन्हें ईमानदार नहीं मानते तबतक वो मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे और इस्तीफा दे दिया। अब फ़रवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव में दिल्ली की जनता उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाएगी और उन्हें ईमानदार साबित करेगी।”
आपको बता दें कि 17 सितंबर को अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक दल की बैठक में केजरीवाल की जगह आतिशी को दिल्ली के नए सीएम के रूप में चुना गया था।
केजरीवाल ने अपना इस्तीफा दिल्ली के उपराज्यपाल को दे दिया था उसके बाद अतिशि ने उपराज्यपाल के सामने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उपराज्यपाल केजरीवाल का इस्तीफा और नई सरकार बनाने की चिट्ठी राष्ट्रपति को भेज दिया था।


