क्या आपको भी व्हाट्सप्प पर कोई ऐसा मैसेज आया है जिसमें आपको मुफ़्त में लैपटॉप (Free Laptops) दिए जाने की बात की गई है? अगर हाँ, तो आप सावधान हो जाइए। ये कोई ऑफर नहीं, बल्कि झांसा है।
दरअसल यह एक स्कैम है जो आपको झांसे में लेकर आपसे पैसे ऐंठना चाहते हैं। इस काम को एक संगठित गिरोह की तरफ से अंजाम दिया जा रहा है।
इनका दावा है कि स्टूडेंट्स के लिए फ्री में लैपटॉप की योजना अब भी चल रही है। इस योजना के तहत मुफ़्त में लैपटॉप हासिल करने के लिए एक लिंक पर रजिस्टर करने को कहा जा रहा है।
भारत सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) ने ऐसे जालसाजों से सावधान रहने की सलाह दी है। साथ ही यह भी कहा है कि ऐसे किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक ना करें, जहां फ्री में लैपटॉप दिए जाने का वादा किया जा रहा है।
PIB की फैक्ट चेकिंग यूनिट ने फ्री में लैपटॉप देने के दावों की पड़ताल की और लोगों को आगाह किया है कि अपनी निजी जानकारियां शेयर करते समय सावधान रहें।


