कथित शराब घोटाला में जमानत पर बाहर आए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने का ऐलान कर दिया है। अब सवाल ये है कि अगर केजरीवाल सीएम पद से इस्तीफा देते हैं तो मुख्यमंत्री की कुर्सी किसे सौंपी जाएगी।
बीते शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) जेल से बाहर आए हैं। उन्होंने रविवार को कहा कि वो 2 दिन बाद सीएम पद छोड़ देंगे और दिल्ली की जनता के बीच जाएंगे।
केजरीवाल ने नवंबर में दिल्ली में विधानसभा चुनाव कराए जाने की भी मांग की है जबकि दिल्ली में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।
अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के ऐलान के बाद सियासी गलियारे में आम आदमी पार्टी (AAP) के 4-5 बड़े नेताओं के नाम पर चर्चा तेज है। अपने इस्तीफे की बात करते हुए केजरीवाल ने यह भी कह दिया कि पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी अभी पद नहीं संभालेंगे।
केजरीवाल ने कहा कि जब तक दिल्ली की जनता अपना फैसला नहीं सुना देती तब तक वो सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली सरकार में वरिष्ठ मंत्री गोपाल राय सीएम पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। गोपाल राय 2013 से AAP सरकार में मंत्री हैं। इनके अलावा दिल्ली सरकार में 14 मंत्रालय संभाल रहीं आतिशी का नाम भी सीएम के संभावित उम्मीदवारों में हैं।
दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज और कैलाश गहलोत को भी सीएम पद की दौड़ में माना जा रहा है। अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का भी नाम सीएम पद के लिए सामने आ रहा है।
सुनीता केजरीवाल हाल के दिनों में काफी सक्रिय भी दिखाई दे रही हैं। पिछले दिनों सुनीता ने हरियाणा चुनाव के लिए AAP की 5 गारंटियों की घोषणा की थी।
हालांकि, कुछ लोग ये भी कह रहे हैं कि किसी ऐसे विधायक को सीएम की कुर्सी सौंपी जा सकती है जो ज्यादा चर्चा में नहीं रहा है।
फिलहाल दिल्ली का अगला सीएम कौन होगा, इसपर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि CM के नाम पर फैसला केजरीवाल के इस्तीफे के बाद पार्टी का विधायक दल लेगा।
इस बीच मनीष सिसोदिया आज मुख्यमंत्री आवास पर केजरीवाल से मिले। इसके अलावा आज पार्टी की राजनीतिक मामलों की कमेटी (PAC) की बैठक भी होगी।


